रायपुर नगर निगम मुख्यालय में बुधवार को सेंट्रल सफाई सिस्टम के प्रेजेंटेशन के दौरान महापौर मीनल चौबे और अधिकारियों के बीच बहस की स्थिति बन गई. शहर की नई सफाई व्यवस्था को लेकर पार्षदों और जनप्रतिनिधियों से सुझाव लिए जा रहे थे. महापौर ने अधिकारियों से सवाल किया कि इन सुझावों को प्रस्तावित टेंडर में शामिल किया जाएगा या नहीं.
महापौर ने कहा कि केवल सुझाव लेना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें लागू करने की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए. इसी मुद्दे पर बैठक में नाराजगी सामने आई. बैठक के दौरान भाजपा पार्षद दल ने भी अधिकारियों के कामकाज पर सवाल उठाए. पार्षदों ने कई वार्डों में नियमित कचरा कलेक्शन नहीं होने और सफाई व्यवस्था में अपेक्षित सुधार न दिखने की शिकायत की. इसके बाद भाजपा और कांग्रेस के पार्षद सभा कक्ष से बाहर चले गए.
कचरा उठाव में देरी का आरोप
नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने आरोप लगाया कि महापौर परिषद और अधिकारी सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डाल रहे हैं. उनके मुताबिक, इस खींचतान का असर शहर की जनता पर पड़ रहा है. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि यदि महापौर सेंट्रल सफाई सिस्टम के प्रेजेंटेशन से सहमत थीं तो विवाद क्यों हुआ और यदि सहमति नहीं थी तो प्रेजेंटेशन रखा ही क्यों गया.
तिवारी ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के करीब 70 वार्डों से रोजाना 600 से 700 टन कचरा निकलता है. घर-घर कचरा कलेक्शन की जिम्मेदारी रामकी कंपनी को दी गई है, लेकिन कई वार्डों में तीन से चार दिन तक कचरा उठाने वाली गाड़ियां नहीं पहुंचने की शिकायतें हैं. उन्होंने कहा कि दिवाली के बाद कई इलाकों में कचरे के ढेर और उनसे बदबू व मच्छरों की समस्या बनी हुई है.
वार्ड स्तर पर जवाबदेही की मांग
पूर्व मंत्री मो. अकबर ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में रायपुर को राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना गौरव की बात है, लेकिन शहर की मौजूदा स्थिति उस सम्मान के अनुरूप नहीं दिखती. उन्होंने सर्वेक्षण के नतीजों और जमीनी हालात के बीच अंतर की जांच तथा सफाई एजेंसी की जवाबदेही तय करने की मांग की.
अकबर ने विधानसभा क्षेत्र के आधार पर टेंडर व्यवस्था पर पुनर्विचार करने और सफाई प्रबंधन को वार्ड स्तर पर अधिक जवाबदेह बनाने का सुझाव दिया.
