रायपुर में पुलिस ने नाइट्राजेपम की 2,100 गोलियों के साथ 30 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी महादेवघाट विसर्जन कुंड के पास इन प्रतिबंधित नशीली टैबलेट को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था. उसके बैग से बरामद गोलियों की कीमत करीब 8.40 लाख रुपये बताई गई है.

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान मोहम्मद असजद के रूप में हुई है. वह रायपुर के डंगनिया क्षेत्र की शांति विहार कॉलोनी का रहने वाला बताया गया है. ग्राहक तलाशने की सूचना मिलने के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और डीडी नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और उसे पकड़ लिया.

बैग की तलाशी में मिलीं टैबलेट

पुलिस का कहना है कि तलाशी के दौरान असजद के बैग से नाइट्राजेपम की 2,100 गोलियां बरामद हुईं. उसके पास इन गोलियों को रखने और बेचने से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले. इसके बाद डीडी नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया. केस अपराध क्रमांक 670/26 के तहत दर्ज होने की जानकारी दी गई है.

पूछताछ में आरोपी ने गोलियां ओडिशा से लाने की बात कही है. पुलिस अब इनके स्रोत, परिवहन और संभावित खरीदारों की जानकारी जुटा रही है. अधिकारियों के मुताबिक, जांच में अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस के अनुसार, रायपुर कमिश्नरेट में एनडीपीएस एक्ट के 94 मामलों में अब तक 207 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है. इन मामलों में गांजा, नशीली टैबलेट, एमडीएमए, कोकीन, प्रतिबंधित सिरप, हेरोइन, ब्राउन शुगर और अफीम समेत अन्य सामग्री जब्त की गई है. पुलिस ने इन मामलों में जब्त सामग्री और अन्य संपत्तियों की कुल कीमत 7.19 करोड़ रुपये से अधिक बताई है.