छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से रायपुर जिले में संचालित गैर-आवासीय खेल अकादमियों में प्रवेश और प्रवेश नवीनीकरण के लिए 1 अक्टूबर को चयन ट्रायल आयोजित किया जा रहा है. यह प्रक्रिया 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए है. इसमें छत्तीसगढ़ के साथ अन्य राज्यों के खिलाड़ी भी शामिल हो सकते हैं.
ट्रायल में गैर-आवासीय बालक-बालिका तीरंदाजी, बालिकाओं के फुटबॉल, बालक-बालिका हॉकी और बालक-बालिका एथलेटिक्स के खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा. पंजीयन और अन्य प्रारंभिक प्रक्रियाएं सुबह 7 बजे से 11 बजे तक होंगी.
चयन प्रक्रिया के तहत खिलाड़ियों का पंजीयन, दस्तावेज परीक्षण, चिकित्सीय परीक्षण और शारीरिक दक्षता परीक्षण किया जाएगा. इसके बाद खेल कौशल का परीक्षण होगा. खिलाड़ियों का अंतिम चयन उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर चयन समिति करेगी.
ट्रायल के लिए स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा; तीरंदाजी एरिना, बालिका खेल छात्रावास के सामने; और हॉकी स्टेडियम के पिच-02 को केंद्र बनाया गया है. खिलाड़ियों को आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र और जन्म प्रमाण पत्र या जन्मतिथि वाली प्रमाणित अंकसूची साथ लानी होगी.
खेल अकादमी संचालन नियम, 2014 के तहत चयनित खिलाड़ियों को शासन की ओर से निःशुल्क प्रशिक्षण, खेल परिधान, प्लेइंग किट, बीमा और खेलवृत्ति जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
