रायपुर में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए नॉर्थ जोन पुलिस ने एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाया. पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान अलग-अलग मामलों में कुल 200 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई.

गुढ़ियारी इलाके में एक आरोपी के पास से देशी कट्टा बरामद किया गया. अवैध हथियारों से जुड़े मामलों में आर्म्स एक्ट के तहत तीन केस दर्ज किए गए और तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई.

जुआ विरोधी कार्रवाई में 36 लोगों को पकड़ा गया. इनके पास से 1,26,100 रुपये नकद और ताश की 52 पत्तियां जब्त की गईं. इसके अलावा आबकारी एक्ट के तहत आठ मामलों में आठ लोगों और धारा 36(सी) के तहत चार मामलों में चार लोगों पर कार्रवाई की गई.

शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने प्रतिबंधात्मक धाराओं में भी कार्रवाई की. BNSS की धारा 170 के तहत 70 मामलों में 71 लोगों और धारा 126/135(3) के तहत 78 मामलों में 85 लोगों पर कार्रवाई की गई. अलग-अलग थानों में 35 वारंट भी तामील कराए गए.

यह अभियान पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) दीपमाला कश्यप के निर्देशन में चलाया गया. पुलिस ने कहा कि अवैध हथियार, नशे और जुए जैसी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.