रायपुर में नुआखाई पर्व के अवसर पर गांड़ा महिला महामंच की प्रदेश अध्यक्ष सावित्री जगत ने छत्तीसगढ़ सहित देशभर में रहने वाले गांड़ा समाज के लोगों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने समाज से अपनी संस्कृति, परंपराओं और आपसी भाईचारे को बनाए रखने की अपील की.
सावित्री जगत ने कहा कि नुआखाई केवल नया अन्न ग्रहण करने का पर्व नहीं है. यह प्रकृति, धरती, अन्नदाता और कुल देवी-देवताओं के प्रति आभार जताने की परंपरा भी है. उनके अनुसार, यह पर्व लोगों को पूर्वजों, सामाजिक रिश्तों और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ता है.
पूजा और नवान्न ग्रहण की परंपरा
उन्होंने बताया कि नुआखाई पर परिवारों में कुल देवी-देवताओं की पूजा की जाती है और नया अन्न सबसे पहले उन्हें अर्पित किया जाता है. इसके बाद परिवार के लोग नवान्न ग्रहण करते हैं. छोटे सदस्य बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लेते हैं, जबकि समाज के लोग एक-दूसरे से मिलकर ‘नुआखाई जुहार’ करते हैं.
जगत ने कहा कि समाज को यह संकल्प लेना चाहिए कि कोई बेटी शिक्षा से वंचित न रहे और कोई महिला अपने अधिकारों व सम्मान के लिए अकेली न रहे. उन्होंने नशामुक्त, शिक्षित, संगठित और आत्मनिर्भर समाज बनाने के लिए मिलकर काम करने की अपील की.
उन्होंने युवाओं से आधुनिकता के साथ आगे बढ़ने, लेकिन अपनी संस्कृति और पहचान से जुड़े रहने का आग्रह किया. साथ ही, नई पीढ़ी को सामाजिक और सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने पर जोर दिया.
