नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ ने रायपुर के मेकाहारा में दो दिन तक चले प्रदर्शन के बाद अपना अनिश्चितकालीन आंदोलन स्थगित कर दिया है. संगठन ने स्वास्थ्य मंत्री के साथ हुई बातचीत के बाद राज्य सरकार को मांगों पर कार्रवाई के लिए एक महीने का समय दिया है.

संघ की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रीना राजपूत के अनुसार, बैठक में चिकित्सा शिक्षा विभाग में 1,000 स्टाफ नर्सों की नई भर्ती प्रक्रिया का मुद्दा सामने आया. संगठन ने बताया कि इस भर्ती की घोषणा 12 मई 2026 को की गई थी. बातचीत में पूर्व से कार्यरत संविदा और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को अनुभव के आधार पर प्राथमिकता या अतिरिक्त बोनस अंक देने का आश्वासन दिया गया.

संगठन के मुताबिक, नियमित भर्ती होने तक दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के 10,000 रुपये के वेतन में बढ़ोतरी की कोशिश करने की बात भी कही गई है. इन आश्वासनों के बाद कुछ दैनिक वेतनभोगी और संविदा कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर लौटे हैं.

संघ ने कहा कि वर्ष 2018 में गठित कमेटी की अनुशंसाओं के अनुरूप एक प्रस्ताव शासन स्तर पर भेजा गया है. ग्रेड पे, नर्सिंग अलाउंस और ड्रेस अलाउंस से जुड़े आदेश जारी करने के लिए संगठन ने एक महीने की समयसीमा दी है. मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन दोबारा शुरू करने की चेतावनी दी गई है.