रायपुर में ठगी का एक मामला सामने आया है, जिसमें कंपनी के अधिकृत अधिकारी के मोबाइल नंबर से WhatsApp संदेश भेजकर अकाउंटेंट से ₹2 करोड़ ट्रांसफर करा लिए गए. रकम बैंक ऑफ बड़ौदा की पंडरी शाखा से प्रयागराज स्थित एक बैंक खाते में RTGS के जरिए भेजी गई.
मामला वांकला केबल्स एंड ट्रांसमिशन लिमिटेड के कॉर्पोरेट ऑफिस का है. पुलिस के मुताबिक, 16 अक्टूबर को कंपनी के अधिकृत अधिकारी अंशुल शर्मा के नंबर से अकाउंटेंट बीरेश तिवारी को संदेश मिला था. इसमें तुरंत ₹2 करोड़ ट्रांसफर करने का निर्देश दिया गया था.
अकाउंटेंट ने संदेश को अधिकारी का निर्देश मानकर बताए गए बैंक खाते में रकम भेज दी. बाद में जब कंपनी की ओर से अंशुल शर्मा से संपर्क किया गया, तो उन्होंने ऐसा कोई संदेश या ट्रांसफर निर्देश भेजने से इनकार किया. इसके बाद कंपनी प्रबंधन ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई.
प्रारंभिक जांच में अधिकारी के मोबाइल नंबर की क्लोनिंग या WhatsApp के गलत इस्तेमाल की आशंका जताई गई है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि संदेश किस तरह भेजा गया और रकम जिस खाते में ट्रांसफर हुई, उसका इस्तेमाल किसने किया. फिलहाल मामले में जांच जारी है.
