रायपुर में ऑनलाइन नौकरी के लिए CV अपलोड करना एक युवक को महंगा पड़ गया. शिकायत के मुताबिक, इंटरव्यू और रजिस्ट्रेशन के नाम पर ₹10 का भुगतान कराने के बाद उसके दो क्रेडिट कार्ड से चार बार में कुल ₹2,72,600 निकाल लिए गए. मामले में पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
प्रोफेसर कॉलोनी निवासी नवीन कन्नौजे ने शिकायत में बताया कि उनके Gmail पर Shine.com से नौकरी से जुड़ा लिंक आया था. लिंक खोलकर उन्होंने अपना रिज्यूम अपलोड किया. अगले दिन 10 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजे एक अज्ञात नंबर से कॉल आया. कॉल करने वाले ने रिज्यूम के आधार पर जानकारी का सत्यापन किया और WhatsApp पर Shine India का लिंक भेजा.
शिकायत के अनुसार, कॉल करने वाले ने मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन कराने और इंटरव्यू के लिए आईडी लेने के नाम पर ₹10 का ट्रांजैक्शन करने को कहा. नवीन ने क्रेडिट कार्ड की जानकारी दर्ज की, लेकिन उस समय OTP नहीं आया. कॉल कटने के करीब पांच मिनट बाद मोबाइल और Gmail पर OTP आने लगे. इसी दौरान कार्ड से रकम निकलने लगी.
दो कार्ड से चार ट्रांजैक्शन
शिकायत के मुताबिक, ICICI क्रेडिट कार्ड से ₹98,900 निकाले गए. Axis बैंक के कार्ड से ₹98,900, ₹27,900 और ₹46,900 के तीन ट्रांजैक्शन हुए. पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 और दोनों बैंकों में शिकायत की. इसके बाद 14 अक्टूबर को पुरानी बस्ती थाने में आवेदन दिया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
