रायपुर में ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर एक ठेकेदार से 23 लाख 50 हजार रुपए की कथित ठगी का मामला सामने आया है. अम्लीडीह के शिवम विहार निवासी समीर सिंह ने न्यू राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है.
शिकायत के अनुसार, समीर सिंह ने फेसबुक पर ईसीएन ट्रेडिंग का विज्ञापन देखा था. विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद आरोपियों ने उन्हें निवेश के बदले रोजाना हजारों रुपए कमाने का भरोसा दिलाया. कथित तौर पर 20 हजार रुपए लगाने पर प्रतिदिन 5 हजार रुपए तक मुनाफे का दावा किया गया.
इसके बाद आरोपियों के बताए अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की गई. शिकायत में कहा गया है कि करीब तीन महीने तक अलग-अलग किस्तों में कुल 23 लाख 50 हजार रुपए भेजे गए. शुरुआत में निवेश और रजिस्ट्रेशन के नाम पर रकम जमा कराई गई. बाद में मुनाफे का लालच देकर और पैसे ट्रांसफर कराए जाने का आरोप है.
रकम वापस मांगने पर टालमटोल का आरोप
शिकायतकर्ता के मुताबिक, जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने पैसे लौटाने के बजाय टालमटोल शुरू कर दी. इसके बाद उन्हें ठगी का संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस से शिकायत की.
पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के मोबाइल नंबर, बैंक खातों और रकम के लेन-देन की जानकारी जुटाई जा रही है. यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कथित ठगी में कितने लोग शामिल हैं और रकम किन-किन खातों में भेजी गई.
