दीपावली के मद्देनजर रायपुर में अस्पतालों, बिजली कंपनी और अग्निशमन विभाग ने विशेष तैयारियां की हैं. आंबेडकर अस्पताल और DKS अस्पताल में 8 और 9 नवंबर को ओपीडी सेवा बंद रहेगी. इन दोनों दिनों में मरीजों को केवल इमरजेंसी विभाग में उपचार मिलेगा.

7 नवंबर को छोटी दीपावली के दिन दोनों अस्पतालों की ओपीडी सामान्य दिनों की तरह संचालित होगी. अस्पताल प्रबंधन ने डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को त्योहार के दौरान अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं.

पटाखों से जलने, आग से झुलसने और अन्य दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए आंबेडकर अस्पताल के इमरजेंसी समेत सभी विभागों को तैयार रखा गया है. DKS अस्पताल के बर्न विभाग में 24 घंटे इमरजेंसी सेवा उपलब्ध रहेगी. यहां ऑन-ड्यूटी और ऑन-कॉल मिलाकर छह डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है. दोनों अस्पतालों में जरूरी दवाओं, इंजेक्शन और जीवनरक्षक चिकित्सा सामग्री का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए गए हैं.

अग्निशमन विभाग और SDRF अलर्ट पर

पटाखों से जुड़ी आगजनी रोकने के लिए अग्निशमन विभाग बाजारों और पटाखा दुकानों में अग्नि सुरक्षा इंतजामों की जांच करेगा. अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं. SDRF को भी अलर्ट पर रखा गया है. रायपुर और नया रायपुर में 16 फायर फोम मल्टीपर्पज वाहन उपलब्ध हैं. मिनी फायर वाहन और फायर बुलेट भी तैनात रहेंगे.

बिजली शिकायतों के लिए विशेष केंद्र

धनतेरस और दीपावली के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने पर रायपुर नगर वृत्त-एक में 6 से 8 नवंबर तक विशेष शिकायत केंद्र चलेंगे. फोन पर शिकायत शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक दर्ज कराई जा सकेगी.

तेलघानी नाका: 6232923178, 6232923179; नयापारा: 6232923180, 6232923181; शास्त्री चौक: 6232923182, 6232923183; बूढ़ापारा: 6232923184, 6232923185; डीडी नगर: 6232923168, 6232923169; लाखेनगर: 6232923170, 6232923171; टिकरापारा: 6232923173, 6232923174; सिविल लाइन: 6232923160, 6232923161; शंकर नगर: 6232923162, 6232923163; दलदल सिवनी: 6232923164, 6232923165; कचना: 6232923166, 6232923167.