रायपुर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो गई है. पहले दिन जिले के 159 उपार्जन केंद्रों में से 129 केंद्रों पर 366 किसानों ने 9,365.60 क्विंटल धान बेचा. इस उपज की कुल कीमत 2 करोड़ 29 लाख 51 हजार रुपये रही.

राज्य सरकार ने खरीफ सीजन में धान का समर्थन मूल्य 3,100 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है. प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदा जाएगा. किसानों की सुविधा के लिए जिले में 21 नए उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं. इनमें से 17 केंद्रों पर पहले दिन से ही खरीदी शुरू हो गई. नए केंद्रों से किसानों को उपज बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और परिवहन समय व खर्च कम होने की उम्मीद है.

गोबरा नवापारा तहसील के उमरपोटी में नए धान उपार्जन केंद्र का उद्घाटन अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू ने पूजा-अर्चना के साथ किया. कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जोरा, नगपुरा, बरौदा और मुंरेठी केंद्रों का निरीक्षण किया. उन्होंने नमी मापक यंत्र से धान की जांच और तौल प्रक्रिया का जायजा लिया.

कलेक्टर ने अधिकारियों को केंद्रों पर पेयजल, छाया, बैठने की जगह, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, नमी मापक यंत्र और धान के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. जिला नोडल अधिकारी एवं अपर कलेक्टर अभिलाषा पैकरा ने गौरभाठा केंद्र का भी निरीक्षण किया.

किसानों को टोकन के लिए समितियों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप से घर बैठे ऑनलाइन टोकन लेने की सुविधा दी गई है. किसान अपनी सुविधा के अनुसार टोकन लेकर निर्धारित तारीख पर उपज बेच सकेंगे.