रायपुर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू हो गई. पहले दिन जिले के 159 उपार्जन केंद्रों में से 129 केंद्रों पर 366 किसानों ने अपनी उपज बेची. इन केंद्रों पर कुल 9,365.60 क्विंटल धान खरीदा गया, जिसकी कीमत 229.51 लाख रुपये यानी 2 करोड़ 29 लाख 51 हजार रुपये रही.
जिले के विभिन्न उपार्जन केंद्रों पर पूजा-अर्चना के साथ खरीदी की शुरुआत हुई. कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जोरा स्थित केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को किसानों के लिए पेयजल, छाया, बैठने की जगह, तौल तथा धान के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
इस वर्ष किसानों की सुविधा के लिए जिले में 21 नए उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं. इनमें से 17 केंद्रों पर पहले ही दिन खरीदी शुरू हो गई. प्रशासन के अनुसार, नए केंद्र खुलने से किसानों को उपज बेचने के लिए नजदीकी सुविधा मिलेगी और समय तथा परिवहन खर्च में कमी आएगी. उमरपोटी के नए केंद्र का शुभारंभ अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू ने किया.
आरंग क्षेत्र के मुंरेठी और नगपुरा केंद्रों पर भी खरीदी शुरू हुई. यहां कलेक्टर ने नमी मापक यंत्र से धान की जांच की और तौल प्रक्रिया का जायजा लिया. धरसींवा क्षेत्र के बरौदा केंद्र में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में खरीदी का शुभारंभ किया गया. खोरपा केंद्र पर पहले दिन पांच किसान उपज बेचने पहुंचे. अड़सेना, गोबरा नवापारा और जामगांव सहित अन्य केंद्रों पर भी खरीदी शुरू हुई.
राज्य सरकार की व्यवस्था के अनुसार किसानों को 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान बेचने का लाभ दिया जा रहा है. खरीदी केंद्रों पर बारदाना, नमी मापक यंत्र, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और धान की स्टैकिंग जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं.
टोकन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए किसानों को ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप से घर बैठे ऑनलाइन टोकन लेने की सुविधा दी गई है. किसान निर्धारित तारीख पर टोकन के आधार पर केंद्र पहुंचकर धान बेच सकते हैं. जिला प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वास्तविक किसानों को योजना का लाभ मिले और खरीदी के दौरान उन्हें अनावश्यक परेशानी न हो.
