रायपुर के पंडरी मेन रोड पर सोमवार रात करीब 2 बजे तीन दुकानों में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है. दुकानदारों का आरोप है कि करीब पांच लोग नगर निगम के कर्मचारी बनकर पहुंचे और दुकानों की छत पर ड्रिलिंग शुरू कर दी. व्यापारियों ने मौके से दो लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया, लेकिन उनके मुताबिक अब तक FIR दर्ज नहीं की गई है.

मामला शहीद हेमू कालाणी वार्ड का है. यहां धीरज अरोरा की तीन दुकानें किराए पर संचालित हैं. नगर निगम जोन-2 ने 29 सितंबर को संबंधित भवन को जर्जर बताते हुए नोटिस जारी किया था. दुकानदारों का कहना है कि भवन जर्जर नहीं है और उन्होंने विशेषज्ञों से तकनीकी जांच कराने के लिए जोन-2 कार्यालय तथा व्हाइट हाउस में आवेदन दिया था. उनका आरोप है कि जांच से पहले ही रात में तोड़फोड़ कर दी गई.

दुकानदारों ने नुकसान का ब्यौरा बताया

लोकनाथ पनीर डोसा के संचालक जमना प्रसाद गुप्ता ने दावा किया कि तोड़फोड़ से उनकी दुकान चलाना मुश्किल हो गया है. उनके अनुसार, पास की बीकानेर स्वीट्स में दीपावली के लिए करीब 5 से 7 लाख रुपये का सामान रखा था, जो क्षतिग्रस्त होकर खराब हो गया. उन्होंने कहा कि वे नियमित रूप से चेक और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए किराया देते रहे हैं.

गुप्ता के मुताबिक, मकान मालिक पिछले अप्रैल से बिना सूचना दिए भवन से चला गया और करीब छह महीने से उनसे संपर्क में नहीं है. बीकानेर स्वीट्स के संचालक विजय सिंह राजपुरोहित ने भी बिना सूचना और बातचीत के रात में कार्रवाई किए जाने का आरोप लगाया.

नगर निगम ने कार्रवाई से किया इनकार

नगर निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया. उन्होंने सवाल उठाया कि भवन को जर्जर बताकर नोटिस किस आधार पर जारी किया गया और नोटिस के कुछ दिन बाद रात में तोड़फोड़ क्यों हुई.

प्रभारी जोन-2 कमिश्नर पीडी धृतलहरे ने कहा कि नगर निगम रात में इस तरह की कार्रवाई नहीं करता. उन्होंने निगम के किसी कर्मचारी के तोड़फोड़ में शामिल होने से इनकार किया. उनके अनुसार, भवन को जर्जर घोषित करने और नोटिस जारी करने के आधार से जुड़े पुराने रिकॉर्ड की जांच की जा रही है.