रायपुर केंद्रीय जेल से 10 दिन के पैरोल पर बाहर आया हत्या का सजायाफ्ता कैदी गणेश देवांगन करीब 18 साल से लापता है. जेल लौटने की तय तारीख बीतने के बाद भी उसके वापस नहीं आने पर अब कोतवाली थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है.
जेल रिकॉर्ड के अनुसार, गणेश देवांगन को रायपुर जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर 23 जुलाई 2008 को पैरोल पर रिहा किया गया था. पैरोल की अवधि पूरी होने के बाद उसे केंद्रीय जेल रायपुर में दाखिल होना था, लेकिन वह तय समय पर नहीं पहुंचा. इसके बाद से उसका पता नहीं चल सका है.
केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक ने 19 नवंबर 2026 को कोतवाली थाना प्रभारी को पत्र भेजकर मामले की जानकारी दी. पत्र और साथ भेजे गए दस्तावेजों के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया है. उपलब्ध जानकारी में कैदी का पता रायपुर की पुरानी बस्ती क्षेत्र में मिनीमाता चौक-बूढ़ेश्वर चौक के आसपास का बताया गया है.
जेल अधीक्षक के पत्र में मामले के छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट से जुड़े होने का भी उल्लेख किया गया और कार्रवाई को प्राथमिकता देने को कहा गया. पुलिस अब लंबे समय से फरार कैदी का पता लगाने और उसे गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई करेगी.
