रायपुर की प्रथम फास्ट ट्रैक विशेष पॉक्सो अदालत ने अनाथ नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में उसके बड़े पिता और जीजा को 20-20 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है. विशेष न्यायाधीश अच्छेलाल काछी की अदालत ने दोनों आरोपियों को दोषी ठहराते हुए अर्थदंड भी लगाया.
अदालत ने पीड़िता के पुनर्वास के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से सात लाख रुपये प्रतिकर देने की अनुशंसा की है.
अभियोजन के अनुसार, माता-पिता की मृत्यु के बाद किशोरी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में अपने बड़े पिता के घर रह रही थी. जुलाई 2022 में बड़े पिता ने उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद रीवा, मध्य प्रदेश से आने वाले उसके जीजा ने भी उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया.
अभियोजन के मुताबिक, दोनों आरोपियों के शोषण के कारण किशोरी गर्भवती हो गई. मई 2024 में उसने अपने सगे भाई को घटना की जानकारी दी. भाई की शिकायत पर डीडी नगर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया.
जांच के दौरान पीड़िता का एम्स रायपुर में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें उसके 10 सप्ताह से अधिक गर्भवती होने की पुष्टि हुई. सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने दोनों दोषियों को 20-20 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई.
