रायपुर में ‘संवाद से समाधान’ कार्यक्रम के तहत पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने अर्पण दिव्यांग पब्लिक स्कूल, राजेंद्र नगर के बच्चों से मुलाकात की. C-4 सभाकक्ष में हुई इस बातचीत के दौरान उन्होंने बच्चों की पढ़ाई, प्रशिक्षण और रोजमर्रा की गतिविधियों के बारे में जानकारी ली.

बच्चों से संवाद करते हुए पुलिस कमिश्नर ने साइन लैंग्वेज के कुछ बुनियादी संकेत सीखे. बच्चों ने उन्हें इशारों की भाषा समझाई. डॉ. शुक्ला ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया और उनकी रुचियों के बारे में भी बातचीत की.

पुलिस कंट्रोल रूम और सिविल लाइन थाने का भ्रमण

कार्यक्रम के तहत बच्चों को पुलिस कंट्रोल रूम और सिविल लाइन थाने का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया. इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बातचीत की और पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा. बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ अपनी दैनिक गतिविधियों और पसंद के बारे में बताया. बातचीत में उन्होंने क्रिकेट और फिल्मों में रुचि साझा की.

कार्यक्रम में डीसीपी मध्य जोन तारकेश्वर पटेल, अर्पण संस्था से जुड़े डॉ. राकेश पांडेय, को-ऑर्डिनेटर सीमा छाबड़ा, प्रिंसिपल कमलेश शुक्ला, शिक्षक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने बच्चों की सहजता और आत्मविश्वास को कार्यक्रम का उल्लेखनीय हिस्सा बताया.