रायपुर में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने पश्चिम क्षेत्र के नौ थाना इलाकों में सात दिन का अपराध विरोधी अभियान चलाया. 4 से 10 नवंबर तक चली कार्रवाई में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में 91 आरोपियों को गिरफ्तार किया. इसके अलावा 135 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई और फरार आरोपियों के 52 वारंट तामील किए गए.
पुलिस के अनुसार, अभियान पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा की निगरानी में चलाया गया. इसमें पुरानी बस्ती, डीडी नगर, आमानाका, आजाद चौक, सरस्वती नगर, कबीर नगर, न्यू राजेंद्र नगर, टिकरापारा और मुजगहन थाना क्षेत्रों की टीमें शामिल रहीं.
जुआ मामलों में सबसे ज्यादा गिरफ्तारी
अभियान के दौरान जुआ खेलने और खिलाने के मामलों में 22 प्रकरण दर्ज किए गए. इन मामलों में 73 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 62,900 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई.
आर्म्स एक्ट के तहत आठ मामलों में आठ आरोपियों को पकड़ा गया. पुलिस ने इनके पास से सात चाकू और एक देशी कट्टा बरामद करने की जानकारी दी. अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ नौ प्रकरण दर्ज कर नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. इस कार्रवाई में 75.24 लीटर शराब जब्त की गई.
एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई एक कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया. उसके कब्जे से 1.724 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया.
52 वारंटों की तामिली
पुलिस ने 13 स्थायी वारंट और 39 गिरफ्तारी वारंट समेत कुल 52 वारंट तामील किए. पुलिस के मुताबिक, त्योहारों के दौरान पेट्रोलिंग, निगरानी और सघन चेकिंग आगे भी जारी रहेगी. अवैध शराब, नशे, हथियार और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है.
