रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में चार निरीक्षकों के तबादले किए गए हैं. पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने शुक्रवार को इस संबंध में आदेश जारी किया. यह फेरबदल गुरुवार रात हुई समीक्षा बैठक के बाद किया गया है.

आदेश के अनुसार, तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा को आमानाका थाने की जिम्मेदारी दी गई है. आमानाका थाना प्रभारी सुधांशु बघेल अब उरला थाने का प्रभार संभालेंगे. उरला थाना प्रभारी रोहित मालेकर को तेलीबांधा थाने की कमान सौंपी गई है.

इसके अलावा टिकरापारा थाने में पदस्थ निरीक्षक बालेश्वर लहरे का तबादला रक्षित केंद्र रायपुर किया गया है. इस बदलाव के बाद शहर के तीन थानों में नए थाना प्रभारी पदस्थ होंगे.

लंबित मामलों की समीक्षा के बाद निर्णय

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में थानों की कार्यप्रणाली, अपराधों की जांच की प्रगति और लंबित मामलों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की गई थी. बैठक में मामलों का जल्द निपटारा करने और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया.

इसी समीक्षा के बाद थाना प्रभारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है. पुलिस मुख्यालय के आदेश के मुताबिक, यह तबादला आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से प्रभावी रहेगा.