रायपुर के आमापारा चौक के पास पुलिस पेट्रोलिंग वाहन से सरकारी मोबाइल और बीट डायरी निकालने का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, घटना 10 सितंबर की रात करीब 11 बजे की है. इस मामले में आजाद चौक थाने में दो युवकों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है.
पुलिस के मुताबिक, आजाद चौक थाना प्रभारी अर्चना धुरंधर आरक्षक सचित शर्मा और मुकेश पाण्डेय के साथ सरकारी वाहन से कानून-व्यवस्था की ड्यूटी पर निकली थीं. आमापारा चौक स्थित साई मंदिर के पास भारी ट्रैफिक जाम मिलने पर थाना प्रभारी और दोनों आरक्षक वाहन से उतरकर यातायात सुचारू कराने लगे.
इसी दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मियों को बताया कि दो युवक वाहन से मोबाइल और बीट डायरी निकालकर ले गए हैं. इसके बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. पुलिस का दावा है कि फुटेज में दो युवकों को वाहन से सरकारी ई-साक्ष्य मोबाइल और बीट डायरी निकालते हुए देखा गया.
पुलिस के अनुसार, फुटेज में पहचान सुभम सिंह और अभय मिश्रा के रूप में हुई. दोनों की उम्र क्रमशः 19 और 20 वर्ष बताई गई है. कथित तौर पर सीसीटीवी में घटना रिकॉर्ड होने की जानकारी मिलने के बाद दोनों ने पकड़े जाने के डर से सामान वापस पुलिस वाहन में रख दिया.
सामान वापस मिलने के बावजूद पुलिस ने मामले में कार्रवाई की. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सुभम सिंह और अभय मिश्रा के खिलाफ आजाद चौक थाने में अपराध दर्ज किया गया है. आरोपों की आगे की कानूनी प्रक्रिया जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चलेगी.
