रायपुर में पुलिस और आम लोगों के बीच संवाद के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल बढ़ाया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, लोग फेसबुक और इंस्टाग्राम के जरिए शिकायतें और समस्याएं साझा कर रहे हैं. इन शिकायतों और सोशल मीडिया से मिली जानकारी के आधार पर कुछ मामलों में कार्रवाई भी की गई है.

रायपुर पुलिस के मुताबिक, उसके फेसबुक पेज पर हर महीने औसतन 6.77 करोड़ और इंस्टाग्राम पर 8.84 करोड़ व्यू मिल रहे हैं. पिछले साल की तुलना में फेसबुक के व्यू 124% और इंस्टाग्राम के व्यू 291% बढ़े हैं. फेसबुक फॉलोअर्स 35% बढ़कर 1.65 लाख और इंस्टाग्राम फॉलोअर्स 37% बढ़कर 1.25 लाख हो गए हैं.

पुलिस के अनुसार, फेसबुक पर पोस्ट का इंगेजमेंट 63% और इंस्टाग्राम पर 135% बढ़ा है. पोस्ट की रीच में भी फेसबुक पर 274% और इंस्टाग्राम पर 2048% की वृद्धि दर्ज की गई है.

रविवार को लाइव कार्यक्रम

‘फेसबुक 2.0’ कार्यक्रम के तहत हर रविवार पुलिस अधिकारी और विशेषज्ञ लोगों से लाइव बातचीत करते हैं. नागरिक इस दौरान सवाल पूछ सकते हैं और अपनी समस्याएं बता सकते हैं. पुलिस का कहना है कि जरूरी मामलों में लाइव संवाद के बाद कार्रवाई की जाती है.

‘सुरक्षा की बात अपनों के साथ’ अभियान के तहत दो से तीन मिनट के वीडियो बनाए जा रहे हैं. यातायात नियमों, साइबर अपराध और महिला-बच्चों से जुड़े अपराधों पर 50 से अधिक शॉर्ट फिल्में तैयार की गई हैं. इन्हें सोशल मीडिया के अलावा स्थानीय सिनेमाघरों में भी दिखाया गया.

साइबर जागरूकता के लिए ‘साइबर जागृति’ अभियान और ‘साइबर संकल्प’ ऑनलाइन ट्रेनिंग के नौ मॉड्यूल तैयार किए गए हैं. वहीं, ‘ट्रैफिक हैकाथॉन 2026’ में नागरिकों से सड़क और चौराहों से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर सुझाव लिए गए.

डिप्टी कमिश्नर, ट्रैफिक व प्रोटोकॉल अर्चना झा के अनुसार, फरवरी से यह पहल संचालित है और सोशल मीडिया शिकायतों के आधार पर लोगों को राहत पहुंचाने के लिए कार्रवाई की गई है.