रायपुर ग्रामीण पुलिस ने ओला, उबर, रैपिडो समेत अन्य ऐप आधारित टैक्सी सेवाओं के संचालकों को यात्रियों से शालीन व्यवहार करने और निर्धारित किराया ही लेने के निर्देश दिए हैं. पुलिस ने कहा है कि सवारी बैठाने, बुकिंग या किराए को लेकर विवाद, दुर्व्यवहार और मारपीट करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने माना के सीएसपी कार्यालय में टैक्सी ऑपरेटरों की बैठक ली. अधिकारियों ने कहा कि एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा प्राथमिकता है. चालकों को यात्रियों के साथ सम्मानपूर्वक पेश आने, नियमों का पालन करने और आपसी प्रतिस्पर्धा के कारण यात्रियों को परेशान नहीं करने की हिदायत दी गई.

माना एयरपोर्ट पर विवाद के बाद बैठक

17 नवंबर को माना एयरपोर्ट पर यात्री को बैठाने को लेकर दो टैक्सी चालकों के बीच पहले बहस और फिर मारपीट हुई थी. यात्रियों के सामने हुए हंगामे के बाद सीआईएसएफ जवानों ने दोनों चालकों को अलग किया था. पुलिस के मुताबिक, ऐसी घटनाओं से एयरपोर्ट की परिवहन व्यवस्था प्रभावित होती है.

सितंबर 2024 में भी एयरपोर्ट के पार्किंग नंबर-1 के पास टैक्सी चालकों की मारपीट का वीडियो सामने आया था. जनवरी 2024 में सवारी बैठाने को लेकर टैक्सी चालकों और ट्रैवल कंपनी के कर्मचारियों के बीच विवाद के बाद एफआईआर दर्ज हुई थी. उस घटना में एक चालक के सिर पर चोट लगने की बात सामने आई थी.

ऐप किराए से अधिक रकम मांगने की शिकायत

नवंबर 2026 में सोशल मीडिया पर रायपुर में रैपिडो से यात्रा का अनुभव साझा करते हुए इटली की डीजे ओली एस्से ने आरोप लगाया था कि ऐप पर किराया 281 रुपये दिखने के बावजूद अतिरिक्त रकम मांगी गई. उनके मुताबिक, एक चालक ने 500 रुपये अतिरिक्त मांगने की बात कही थी.

पुलिस ने स्पष्ट किया कि यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक वसूली, दुर्व्यवहार या बुकिंग को लेकर विवाद करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.