रायपुर के नयापारा स्थित मल्टीस्पेशियलिटी मिश्रा हॉस्पिटल में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के वाहन चालकों के लिए निशुल्क नेत्र एवं दंत जांच शिविर शुरू किया गया. शिविर का उद्घाटन पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ल ने किया.

इस अवसर पर डॉ. शुक्ल ने कहा कि सेहत सबसे बड़ी पूंजी है और उसे सुरक्षित रखना सबसे जरूरी है. उन्होंने स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए डॉक्टरों की सेवाओं के साथ लोगों में अपनी सेहत के प्रति रुचि और जागरूकता को भी आवश्यक बताया.

जांच के साथ उपचार और चिकित्सकीय सलाह

शिविर में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत आने वाले वाहन चालकों की आंखों और दांतों की जांच की जा रही है. जरूरत के अनुसार उन्हें चिकित्सकीय परामर्श और उपचार भी उपलब्ध कराया जा रहा है. पुलिस कमिश्नरेट ने सभी वाहन चालकों को शिविर का लाभ लेने के निर्देश दिए हैं.

मिश्रा हॉस्पिटल की ओर से नेत्र विशेषज्ञ एवं सर्जन डॉ. दिनेश मिश्र, रेटिना सर्जन डॉ. प्रांजल मिश्र और दंत एवं रूट कैनाल विशेषज्ञ डॉ. अबीर मिश्र जांच कर रहे हैं. शिविर में डॉ. निधि मिश्र, चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. सृष्टि मिश्र, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रसून मिश्र और नाक-कान-गला विशेषज्ञ डॉ. सुरभि मिश्र भी मौजूद रहे.

डॉ. दिनेश मिश्र ने कहा कि पुलिस विभाग के साथ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में काम करना उनके लिए संतोष का विषय है. उन्होंने बताया कि अस्पताल पहले भी पुलिस विभाग के साथ ऐसी सेवाओं में सहयोग करता रहा है. विशेषज्ञों ने भविष्य में अलग-अलग तिथियों पर निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की इच्छा जताई.

शिविर का उद्देश्य वाहन चालकों को नियमित स्वास्थ्य जांच की सुविधा देना और आंखों तथा दांतों से जुड़ी समस्याओं की समय पर पहचान कर आवश्यक सलाह और उपचार उपलब्ध कराना है.