त्योहारों से पहले रायपुर पुलिस ने शुक्रवार तड़के शहर के छह इलाकों में एक साथ अभियान चलाया. उत्तर, मध्य और पश्चिम जोन की टीमें BSUP कॉलोनियों और देवार डेरों में पहुंचीं. पुलिस के अनुसार, कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना था.

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर चलाए गए अभियान में तीनों जोन के सैकड़ों अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए. उत्तर जोन की टीमों ने रामनगर BSUP कॉलोनी, गुढ़ियारी और दलदल सिवनी BSUP कॉलोनी, पंडरी में जांच की. मध्य जोन में लभांडी BSUP कॉलोनी, तेलीबांधा और देवरपारा, सुभाष नगर में अभियान चलाया गया. पश्चिम जोन की टीमें बोरियाखुर्द BSUP कॉलोनी, टिकरापारा और देवार डेरा, लालपुर, न्यू राजेंद्र नगर पहुंचीं.

टीमों ने वहां रहने वाले लोगों से पूछताछ की और दूसरे राज्यों से आकर रह रहे लोगों के पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच की. किरायेदारों का पुलिस सत्यापन हुआ है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की गई.

पुलिस के मुताबिक, पहले आपराधिक मामलों में शामिल रहे और निगरानी में रहने वाले लोगों की गतिविधियां भी जांची गईं. उन्हें दोबारा अपराध में शामिल न होने और कानून का पालन करने की हिदायत दी गई. जांच या पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर पुलिस के सामने उपस्थित होने को भी कहा गया. अभियान के दौरान न्यायालय से जारी लंबित वारंटों की तामिली की गई.