रायपुर के राखी थाना क्षेत्र के ग्राम निमोरा स्थित जोभा तालाब की सीढ़ियों पर मिले करीब सात माह के शिशु के शव के मामले में पुलिस ने महिला अंजनी चक्रधारी और उसके प्रेमी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर की गई है.

बताया गया है कि 11 नवंबर की रात करीब आठ बजे निमोरा निवासी पूरन लाल यादव तालाब में मुंह धोने गए थे. इसी दौरान उनकी नजर तालाब की पचरी की सीढ़ियों पर पड़े मृत शिशु पर पड़ी. उन्होंने आसपास के लोगों को जानकारी दी और डायल 112 पर सूचना दी.

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया. इसके बाद शिशु का पोस्टमार्टम कराया गया तथा मामले से जुड़े लोगों के बयान दर्ज किए गए. जांच के दौरान पुलिस ने मृत शिशु की पहचान अंजनी चक्रधारी से जुड़ी होने की बात कही.

FIR में अंजनी के साथ उसके प्रेमी को भी आरोपित बनाया गया है. हालांकि शिशु की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव तालाब की सीढ़ियों तक कैसे पहुंचा, यह अभी स्पष्ट नहीं है. राखी थाना पुलिस इन पहलुओं समेत मामले की आगे जांच कर रही है. आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी.