रायपुर में जेल से बंदियों को अस्पताल, अदालत या किसी अन्य प्रशासनिक काम के लिए बाहर ले जाते समय सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. अब ड्यूटी पर तैनात जेलकर्मियों के लिए बॉडी-वॉर्न कैमरा पहनना अनिवार्य किया गया है. इसके अलावा सुरक्षा दल के साथ सहायक जेल अधीक्षक या उससे वरिष्ठ स्तर के अधिकारी को भी भेजा जाएगा.

यह फैसला सीजीपीएससी भर्ती परीक्षा-2021 घोटाले के मुख्य आरोपित टामन सिंह सोनवानी को इलाज के लिए आंबेडकर अस्पताल ले जाने के दौरान कथित वीआईपी सत्कार का वीडियो सामने आने के बाद लिया गया है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सोनवानी की सुरक्षा में तैनात तीन जेल प्रहरियों को बर्खास्त किया जा चुका है.

जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं मुख्यालय की ओर से सभी जेल अधीक्षकों को निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है. एक अक्टूबर को जारी निर्देश में कहा गया है कि विचाराधीन, दंडित या अन्य बंदियों को चिकित्सा, न्यायालयीन, प्रशासनिक अथवा किसी अन्य कारण से जेल परिसर से बाहर भेजते समय वरिष्ठ जेल अधिकारी की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए.

बॉडी-वॉर्न कैमरे से बंदी को जेल से बाहर ले जाने और वापस लाने के दौरान की गतिविधियों की रिकॉर्डिंग की जा सकेगी. इससे सुरक्षा ड्यूटी में जवाबदेही बढ़ाने और निगरानी को मजबूत करने का उद्देश्य है.

निर्देशों में पुलिस सुरक्षा को लेकर भी जेल प्रशासन को संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक से समन्वय करने को कहा गया है. अस्पताल या अन्य स्थान पर बंदी को ले जाने के मामलों में जेल और पुलिस प्रशासन के बीच सुरक्षा योजना पर सहमति के बाद निर्णय लिया जाएगा.