रायपुर में पारंपरिक गरबा और डांडिया का आयोजन ‘रायपुर रास’ का पांचवां सीजन 16 और 17 अक्टूबर को होगा. आयोजन एक निजी होटल में प्रस्तावित है. कार्यक्रम की जानकारी देने के लिए मंगलवार को प्रेसवार्ता आयोजित की गई. आयोजन समिति के अध्यक्ष सार्थक शर्मा ने बताया कि बॉलीवुड अभिनेत्री अमायरा दस्तूर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी.

गरबा में छत्तीसगढ़ी लोकधुनों का मेल

आयोजकों के मुताबिक, इस बार पारंपरिक गुजराती गरबा धुनों के साथ छत्तीसगढ़ के सुआ, ददरिया, करमा और पंथी गीतों को भी शामिल किया जाएगा. आयोजन स्थल पर ‘गढ़कलेवा कॉर्नर’ बनाया जाएगा, जहां चीला, फरा, भजिया, खुरमी और अनरसा जैसे छत्तीसगढ़ी व्यंजन उपलब्ध रहेंगे.

छत्तीसगढ़ी वेशभूषा और नृत्य के जरिए स्थानीय संस्कृति को बेहतर ढंग से प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों के लिए ‘बेस्ट छत्तीसगढ़ी ट्रेडिशनल लुक’ पुरस्कार भी रखा गया है.

पारंपरिक परिधान में प्रवेश

समिति के अनुसार, दोनों दिन केवल पारंपरिक गरबा गीत बजाए जाएंगे और बॉलीवुड गाने नहीं चलेंगे. कार्यक्रम में प्रवेश के लिए पारंपरिक परिधान अनिवार्य रहेगा; वेस्टर्न और कैजुअल कपड़ों में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. पारिवारिक माहौल के लिए कपल और ग्रुप एंट्री को प्राथमिकता दी जाएगी, जबकि स्टैग एंट्री पर रोक रहेगी.

गरबा वातानुकूलित हॉल में आयोजित किया जाएगा. आयोजकों के अनुसार, प्रतिभागियों को स्क्रैच कूपन दिए जाएंगे, जिनसे आईफोन और आईपैड जीतने का मौका मिलेगा. विजेताओं के लिए बाली, स्विट्जरलैंड, श्रीलंका और फुकेत की यात्राओं को पुरस्कारों में शामिल किया गया है.

सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, महिला बाउंसर्स, डॉक्टरों की टीम और एंबुलेंस उपलब्ध रहने की बात कही गई है. यातायात व्यवस्था के लिए पर्याप्त ट्रैफिक पुलिस बल की व्यवस्था का भी दावा किया गया है.