रायपुर में ‘रायपुर रास’ गरबा आयोजन का पांचवां सीजन 16 और 17 अक्टूबर को होटल बेबीलोन में आयोजित किया जाएगा. आयोजन समिति के अनुसार, बॉलीवुड अभिनेत्री अमायरा दस्तूर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी. कार्यक्रम की जानकारी एक प्रेसवार्ता में साझा की गई.

समिति के अध्यक्ष सार्थक शर्मा ने बताया कि इस आयोजन में छत्तीसगढ़ की संस्कृति को गरबा के साथ जोड़ने की कोशिश की जाएगी. गरबा की शुरुआत सुआ, ददरिया, करमा या पंथी गीतों की धुनों को पारंपरिक गुजराती गरबा बीट्स के साथ मिलाकर करने की योजना है. प्रतिभागियों के लिए ‘बेस्ट छत्तीसगढ़ी ट्रेडिशनल लुक’ की श्रेणी भी रखी जाएगी.

आयोजन स्थल पर गढ़कलेवा कॉर्नर बनाने की बात कही गई है, जहां चीला, फरा, भजिया, खुरमी और अनरसा जैसे छत्तीसगढ़ी व्यंजन उपलब्ध होंगे. समिति के मुताबिक, दो दिवसीय कार्यक्रम में केवल पारंपरिक गरबा गीत बजाए जाएंगे और बॉलीवुड गानों का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा.

कार्यक्रम में प्रवेश के लिए पारंपरिक परिधान अनिवार्य रहेगा. आयोजकों ने बताया कि पश्चिमी या कैजुअल कपड़ों में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. सुरक्षा व्यवस्था के तहत कपल्स और ग्रुप एंट्री को प्राथमिकता देने तथा अकेले पुरुषों के प्रवेश पर रोक रखने की जानकारी दी गई है.

समिति के अनुसार, पूरे आयोजन स्थल को वातानुकूलित रखा जाएगा. सीसीटीवी कैमरे, महिला बाउंसर्स, ट्रैफिक पुलिस, डॉक्टरों की टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था रखने का दावा किया गया है. आयोजकों ने स्क्रैच कूपन के जरिए iPhone और iPad जीतने तथा विजेताओं के लिए बाली, स्विट्जरलैंड, श्रीलंका और फुकेत की यात्राओं का मौका दिए जाने की भी जानकारी दी है.