रायपुर. दीपावली और छठ पूजा के दौरान बढ़ने वाली यात्री भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल ने अस्थायी व्यवस्थाएं की हैं. इसके तहत बिहार की ओर जाने वाली तीन प्रमुख ट्रेनों के रायपुर स्टेशन से प्रस्थान प्लेटफॉर्म में बदलाव किया गया है, जबकि सात पैसेंजर ट्रेनों में अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे.

रेलवे के अनुसार, 4 नवंबर से 14 नवंबर 2026 तक 15160 दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस, 15232 गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस और 13287 दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस रायपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 से रवाना होंगी. इन ट्रेनों के यात्रियों को गुढ़ियारी साइड के प्रवेश द्वार से प्लेटफॉर्म नंबर 7 तक पहुंचने की सुविधा रहेगी. यात्रियों से ट्रेन के निर्धारित प्रस्थान समय से पहले प्लेटफॉर्म पर पहुंचने की अपील की गई है.

सात पैसेंजर ट्रेनों में दो-दो अतिरिक्त कोच

5 नवंबर से 15 नवंबर 2026 तक 58201 बिलासपुर-रायपुर, 58202 रायपुर-बिलासपुर, 58207 रायपुर-जूनागढ़ रोड, 58208 जूनागढ़ रोड-रायपुर, 58204 रायपुर-कोरबा, 58205 रायपुर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी) और 58206 नेताजी सुभाष चंद्र बोस (इतवारी)-रायपुर पैसेंजर ट्रेनों में दो-दो अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के कोच अस्थायी रूप से लगाए जाएंगे.

इस व्यवस्था से इन मार्गों पर यात्रा करने वाले यात्रियों, खासकर छोटे स्टेशनों से सफर करने वालों को अतिरिक्त बैठने की क्षमता उपलब्ध होने की उम्मीद है.