विश्व एनेस्थीसिया दिवस के अवसर पर पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के एनेस्थीसियोलॉजी एवं पेन मेडिसिन विभाग ने रायपुर में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए. विभागाध्यक्ष डॉ. जया ललवानी के मार्गदर्शन में हुए इन कार्यक्रमों का केंद्र मरीजों की सुरक्षा और आपात स्थिति में समय पर मदद का महत्व रहा.

रेलवे स्टेशन पर यात्रियों ने सीखा CPR

रायपुर रेलवे स्टेशन पर सुबह 6:30 से 7:30 बजे तक ‘पंचरक्षक अभियान’ चलाया गया. डॉक्टरों ने यात्रियों और आम लोगों को हृदय गति रुकने की स्थिति में CPR देने की प्रक्रिया समझाई. प्रतिभागियों ने इसका अभ्यास भी किया. आयोजकों के अनुसार, पहल का उद्देश्य लोगों को आपात स्थिति में शुरुआती मदद देने के लिए तैयार करना था.

अभियान के दौरान गले में वस्तु फंसने, बेहोशी, चोट या रक्तस्राव जैसी स्थितियों में प्राथमिक सहायता के बारे में भी जानकारी दी गई. जरूरत पड़ने पर आपातकालीन सेवाओं को बुलाने पर जोर दिया गया.

मेडिकल कॉलेज से नगर घड़ी चौक तक वॉकाथॉन

इसके बाद मेडिकल कॉलेज से नगर घड़ी चौक तक जागरूकता वॉकाथॉन निकाला गया. इसमें इंडियन सोसायटी ऑफ एनेस्थीसियोलॉजिस्ट की स्टेट और सिटी ब्रांच के पदाधिकारियों के साथ डॉक्टरों ने भाग लिया. इस दौरान बताया गया कि एनेस्थीसिया केवल ऑपरेशन के समय बेहोशी देने तक सीमित नहीं है. यह ऑपरेशन के दौरान मरीज की निगरानी, दर्द नियंत्रण और सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.

अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में मेडिकल विद्यार्थियों के लिए पोस्टर प्रदर्शनी और प्रतियोगिता हुई. इसकी थीम ऑपरेशन से पहले, दौरान और बाद में मरीज की सुरक्षा थी. प्रतियोगिता में पांच-पांच विद्यार्थियों की टीमें बनाई गईं.

कार्यक्रम में प्रभारी डीन डॉ. एसबीएस नेताम समेत विभिन्न विभागों के प्रमुख मौजूद रहे. आयोजकों ने कहा कि सही समय पर दी गई प्राथमिक सहायता आपात स्थिति में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है.