रायपुर रेलवे स्टेशन के पास फुटपाथ पर रहने वाली दो साल की बच्ची की मौत के मामले में हत्या का खुलासा हुआ है. बच्ची की 19 नवंबर को मेकाहारा अस्पताल में मौत हुई थी.

रेलवे जीआरपी के अनुसार, पोस्टमार्टम में बच्ची के शरीर पर कई जगह चोटों के निशान मिले हैं. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसे जमीन पर पटकने से गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हुई.

मामले में बच्ची के सौतेले पिता आकाश देवर को हिरासत में लिया गया है. रेलवे डीएसपी एसएन अख्तर ने बताया कि बच्ची की मौत बीमारी से नहीं, बल्कि चोट लगने के कारण हुई.

पुलिस ने हत्या के मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच आगे बढ़ाने की बात कही है. अब तक दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है. मामले में पुलिस पोस्टमार्टम निष्कर्षों और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी.