रायपुर में गुरुवार सुबह से रुक-रुककर बारिश जारी है. बादल छाए रहने और ठंडी हवाओं के कारण शहर में दिन का तापमान नीचे रहा. बारिश का असर बाजारों की आवाजाही और शहर की सामान्य दिनचर्या पर भी पड़ा.
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. बुधवार को अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री दर्ज किया गया था, जो सामान्य से 4.8 डिग्री कम था. बुधवार शाम तक 8.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी. विभाग ने दिनभर बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है.
आरंग में खेतों में पानी भरने की जानकारी
किसान नेता पारसनाथ साहू के अनुसार, आरंग के ग्राम भिलाई में खेतों में करीब 9 इंच से एक फीट तक पानी भर गया है. उनका कहना है कि धान पूरी तरह पकने से पहले ही तेज हवा और बारिश के कारण खड़ी फसल जमीन पर गिर गई. इससे दाने खराब होने और फसल सड़ने की आशंका है. कटी हुई धान की फसल भी बारिश में भीग रही है.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार से बारिश से प्रभावित किसानों की फसलों का तत्काल सर्वे कराने और नुकसान के आकलन के आधार पर मुआवजा देने की मांग की है. उन्होंने कहा कि बस्तर से सरगुजा तक बारिश और तेज हवाओं से किसानों को नुकसान हो रहा है.
10 से अधिक बिजली फीडरों में दिक्कत
बारिश और तेज हवा के बीच डीडी नगर, बोरियाकला, कोटा, रामनगर, खमतराई, पंडरी, गुढ़ियारी, मोवा और सड्डू समेत कई इलाकों से बिजली बाधित होने की शिकायतें मिलीं. बिजली विभाग के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर एम. विश्वकर्मा के मुताबिक, रायपुर शहर के 316 फीडरों में 10 से अधिक में समस्या आई थी. विभाग ने सुधार दल भेजकर आपूर्ति बहाल करने का काम किया.
गरज-चमक के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
