रायपुर के रामनगर में श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स में चोरी का मामला सामने आया है. पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक चोर दुकान का शटर या ताला तोड़कर नहीं, बल्कि पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अंदर दाखिल हुए. दुकान संचालक के अनुसार, चोरी हुए गहनों की कीमत करीब 8 से 10 लाख रुपए है.

वारदात गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के कर्मा चौक मेन रोड पर हुई. सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक सुनील जैन ने अंदर सामान बिखरा देखा. शोकेस में रखे गहने भी गायब थे. इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करीब दो से ढाई तोला सोने और दो किलो चांदी के जेवर चोरी हुए हैं.

खाली प्लॉट की तरफ से बनाई सेंध

दुकान के बगल में खाली प्लॉट है. पुलिस का अनुमान है कि आरोपी इसी तरफ से दुकान तक पहुंचे और दीवार तोड़कर अंदर जाने का रास्ता बनाया. चोरी के बाद वे किस रास्ते से निकले और वारदात में कितने लोग शामिल थे, इसकी जांच की जा रही है.

दुकान के सीसीटीवी फुटेज में एक नकाबपोश युवक अंदर घूमकर गहने निकालता दिखाई दे रहा है. पुलिस को उसके साथ किसी अन्य व्यक्ति के शामिल होने की आशंका है. आसपास की दुकानों और रास्तों पर लगे कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान और उनके आने-जाने का रास्ता पता लगाया जा सके.

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

दुकान संचालक ने बताया कि चोरी का पता चलने से करीब दो दिन पहले फाल्स सीलिंग भी उखड़ी हुई मिली थी. उस समय इसे सामान्य टूट-फूट समझकर ठीक करा दिया गया था. पुलिस अब इस घटना को संभावित सेंधमारी की कोशिश से जोड़कर भी जांच रही है.

सूचना मिलने पर गुढ़ियारी थाना, रामनगर चौकी, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ, एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची. टीमों ने दुकान और आसपास से साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस पुराने चोरी के मामलों के संदिग्धों और बाहरी गिरोहों से जुड़े लोगों की जानकारी भी खंगाल रही है.

करीब एक महीने पहले कचना की शिव ज्वेलर्स में भी चोरी हुई थी. उस मामले में करीब दो तोला सोना और 15 किलो से अधिक चांदी के जेवर चोरी होने की जानकारी सामने आई थी. उसका अब तक खुलासा नहीं हुआ है.