रायपुर से रावघाट और कुरुद के बीच मंगलवार से तीन नई MEMU ट्रेन सेवाएं शुरू हो गईं. रायपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मौके पर ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई.
नई सेवाओं में रावघाट के लिए एक और कुरुद के लिए दो ट्रेनें शामिल हैं. इसी कार्यक्रम के दौरान ताड़ोकी-रावघाट और अभनपुर-कुरुद रेल खंडों का लोकार्पण भी किया गया. इसके साथ रावघाट पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ गया है.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि रावघाट तक रेल पहुंचने से बस्तर के दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी. उनके मुताबिक, विद्यार्थियों के लिए शिक्षा, मरीजों के लिए इलाज और युवाओं के लिए रोजगार की तलाश में दूसरे शहरों तक पहुंचना आसान होगा. इससे व्यापार, उद्योग और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
रायपुर में लोकोमोटिव मेंटेनेंस सुविधा
कार्यक्रम में रायपुर में आधुनिक इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव मेंटेनेंस फैसिलिटी की आधारशिला भी रखी गई. प्रस्तावित सुविधा में 300 हाई हॉर्सपावर इलेक्ट्रिक इंजनों के रखरखाव की क्षमता विकसित की जाएगी.
कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रूपकुमारी चौधरी, लक्ष्मी वर्मा और भोजराज नाग तथा विधायक राजेश मूणत भी मौजूद रहे.
