रायपुर में 21 वर्षीय युवती से दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट ने आरोपी एस. कुमार साहू को दोषी ठहराते हुए दोहरे आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. अपर सत्र न्यायाधीश विनय कुमार प्रधान की अदालत ने भारतीय दंड संहिता की धारा 376 और 302 के तहत अलग-अलग आजीवन कारावास का आदेश दिया. दोनों धाराओं में 500-500 रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है.

2022 में कार के भीतर मिला था शव

मामला 31 मई 2022 का है. युवती का शव थनौद चौक स्थित पेट्रोल पंप के पास एक कार में मिला था. जांच के दौरान पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू, खून लगे कपड़े और कार जब्त की थी.

मामले में फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) रिपोर्ट को अहम साक्ष्य बताया गया. रिपोर्ट के अनुसार, युवती की स्लाइड में मानव शुक्राणु और चाकू पर मानव रक्त मिला था.

1,564 दिनों की अभिरक्षा सजा में समायोजित

अदालत ने आरोपी के 31 मई 2022 से जेल में बिताए 1,564 दिनों को सजा की अवधि में समायोजित करने का निर्देश दिया है. अभियोजन की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक विजयश्री बिसेन ने पैरवी की.

अदालत ने मृतका के माता-पिता को प्रतिकर दिलाने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए हैं.