रायपुर के सुभाष नगर में एक जीवित महिला का अंत्योदय राशन कार्ड सरकारी रिकॉर्ड में मृत दर्ज किए जाने के बाद निरस्त किए जाने का मामला सामने आया है. पूर्व खाद्य मंत्री और कांग्रेस नेता मोहम्मद अकबर ने दस्तावेजों और एक वीडियो के आधार पर यह मुद्दा उठाते हुए जांच की मांग की है.

अकबर के मुताबिक, साकरा बानो जीवित हैं, लेकिन रिकॉर्ड में उन्हें मृत दर्ज कर दिया गया. इसके बाद उनका राशन कार्ड रद्द हो गया और उन्हें राशन मिलना बंद हो गया. वीडियो में महिला ने अपना नाम साकरा बानो और पता सुभाष नगर बताया है. उन्होंने कहा कि उनके पति मोईनुद्दीन का निधन हो चुका है और उन्हें मृत समझकर उनका गरीबी रेखा कार्ड रद्द कर दिया गया.

अकबर ने खाद्य मंत्री से महिला का अंत्योदय राशन कार्ड बहाल करने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा कि यह केवल रिकॉर्ड की गलती नहीं, बल्कि किसी गरीब परिवार को खाद्य सुरक्षा के लाभ से वंचित किए जाने का मामला है.

दो साल में 1,17,867 कार्ड निरस्त होने का दावा

अकबर ने विभागीय आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में 2024 में 57,371 और 2025 में 60,496 राशन कार्ड निरस्त किए गए. उनके अनुसार, दो वर्षों में कुल 1,17,867 कार्ड रद्द हुए हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इन मामलों में पर्याप्त जांच की गई और प्रभावित परिवारों को अपनी बात रखने का अवसर मिला.

अकबर ने पिछले दो वर्षों में निरस्त सभी कार्डों की समीक्षा की मांग की है, ताकि यह पता चल सके कि कहीं जीवित लोगों या पात्र परिवारों के कार्ड गलत जानकारी के कारण तो रद्द नहीं हुए. उनके बताए आंकड़ों के अनुसार, राज्य में फिलहाल 83.33 लाख राशन कार्ड हैं और इनमें 274.04 लाख सदस्य पंजीकृत हैं.