रायपुर के बूढ़ेश्वर मंदिर चौक से इंडोर स्टेडियम तक इन दिनों लोकसंस्कृति का अनोखा बाजार सजा है. दुकानों की जगह रंग-बिरंगे कपड़ों में सजे कलाकार, गड़वा बाजा की धुन और टोलियों की बुकिंग के लिए जुटे यादव समाज के लोग नजर आते हैं. बरगद के पेड़ के नीचे कलाकार अपनी प्रस्तुति की तैयारी करते हैं, जबकि गांवों से आए लोग अपनी पसंद की टोली तय करने के लिए मोलभाव करते हैं.
दीपावली के बाद छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों और ओडिशा के गांवों से गड़वा बाजा की टोलियां रायपुर पहुंचती हैं. बुकिंग तय होने के बाद ये कलाकार गांव-गांव जाकर राउत नाचा करते हैं. कई टोलियां कुछ दिनों के लिए, जबकि कुछ पखवाड़ेभर तक गांवों में रहती हैं. धापड़ा, मोहरी, मांदर और दूसरे पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर राऊत दोहे गाते और लाठी के साथ नृत्य करते हैं.
परी कलाकार बाजार का खास आकर्षण
इन टोलियों में कुछ पुरुष कलाकार महिला का रूप धारण कर नृत्य करते हैं. इन्हें ‘परी’ कहा जाता है. बलौदाबाजार से आए टीना यादव की टोली की सांकरा गांव के लिए 1.08 लाख रुपए में बुकिंग हुई है. उनके साथ मौजूद लक्ष्मी के मुताबिक परी का किरदार निभाने के लिए लगातार अभ्यास करना पड़ता है. उन्होंने बताया कि कार्यक्रमों के दौरान छेड़खानी की कोशिशें भी होती हैं, लेकिन टोली के साथ जाने वाले राऊत सुरक्षा की जिम्मेदारी लेते हैं. गांवों में कलाकारों को कई बार मेहमान की तरह रखा जाता है.
अच्छी कीमत पर बुकिंग होने पर परी कलाकारों को रोजाना 1,500 से 1,800 रुपए तक मिलते हैं. जांजगीर के जितेंद्र श्रीवास पिछले आठ वर्षों से परी का किरदार निभा रहे हैं. उनका कहना है कि लोग भले मजाक करें, लेकिन वे इसे अपनी कला मानते हैं. उन्हें एक दिन के कार्यक्रम के लिए करीब 1,000 रुपए मेहनताना मिलता है. सपना साहू भी पिछले पांच वर्षों से इस बाजार में आ रहे हैं. बाकी समय वे खेती-किसानी करते हैं.
600 साल पुरानी परंपरा का दावा
छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति के जानकार डॉ. रमेंद्रनाथ मिश्र के अनुसार, रायपुर में गड़वा बाजा की टोलियों के जुटने की परंपरा कल्चुरी राजाओं के समय से चली आ रही है. उनके मुताबिक यह परंपरा करीब 600 साल पुरानी है. 1990 के दशक तक बाजार में एक सप्ताह पहले से कलाकारों का जमावड़ा शुरू हो जाता था और आसपास की सड़कें भीड़ से भर जाती थीं.
गौरा-गौरी और गोवर्धन पूजा के बाद राउत नाचा की तैयारियां शुरू होती हैं. यादव समाज के लोग गांवों में टोली बुलाकर गायों को सोहई बांधने और गोवर्धन पूजा से जुड़े उत्सव मनाते हैं.
टोलियों की कीमत सामान्यतः 1.10 लाख से 1.30 लाख रुपए तक बताई गई है. परी कलाकारों वाली टोली के लिए कुछ लोग 1.5 लाख रुपए तक देने को तैयार हैं. खिलोरा गांव के पुनीत राम यादव ने इस बार तीन दिनों के लिए एक टोली 21 हजार रुपए में तय की है. उनके अनुसार, यह काम उनके परिवार में लंबे समय से चली आ रही परंपरा का हिस्सा है.
