रायपुर के भाठागांव स्थित रावतपुरा कॉलोनी फेस-2 में नगर निगम ने बुधवार सुबह करीब 40 मकानों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की. निगम के मुताबिक, इन मकानों का निर्माण स्वीकृत लेआउट से बाहर और बिना अनुमति किया गया था. कार्रवाई के दौरान नगर निगम के जोन-6 की टीम के साथ 12 बुलडोजर और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा.
निगम के अनुसार, कार्रवाई से पहले संबंधित बिल्डरों और मकान मालिकों को नोटिस जारी किए गए थे. जोन-6 कमिश्नर हितेंद्र यादव ने बताया कि इलाके में जलभराव के साथ पानी, बिजली और नाली से जुड़ी शिकायतें भी मिली थीं. जांच के दौरान लेआउट से बाहर किए गए निर्माण सामने आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई.
बिल्डरों को आगे निर्माण नहीं करने का भरोसा
नगर निगम का कहना है कि कार्रवाई के बाद संबंधित बिल्डरों ने लेआउट से बाहर आगे कोई निर्माण नहीं करने का भरोसा दिया है. मामले में आगे की कार्रवाई नियमों के अनुसार जारी रहने की बात कही गई है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कार्रवाई बुधवार को भी जारी थी.
कांग्रेस ने उठाए रजिस्ट्री और जिम्मेदारी के सवाल
कांग्रेस नेता और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने कार्रवाई का विरोध किया है. उन्होंने मुख्यमंत्री से इसे रोकने और प्रभावित परिवारों के मकानों के नियमितीकरण की मांग की.
अग्रवाल ने सवाल उठाया कि अगर जमीन का डायवर्सन हुआ, उसकी रजिस्ट्री हुई और सरकारी शुल्क जमा कर जमीन खरीदी गई, तो बाद में मकान अवैध कैसे हो गए. उन्होंने कृषि भूमि के आवासीय उपयोग की अनुमति और रजिस्ट्री की प्रक्रिया की जांच की मांग भी की.
कांग्रेस नेता के मुताबिक, यदि अवैध प्लॉटिंग या निर्माण हुआ है तो केवल मकान मालिकों को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए. उन्होंने जमीन के डायवर्सन, रजिस्ट्री और निर्माण अनुमति से जुड़े अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग की है.
