छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप की पत्नी से जुड़ी कंपनी को रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) की नगर विकास योजना में कथित तौर पर प्राइम लोकेशन पर भूखंड देने को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है. कांग्रेस नेता डॉ. राकेश गुप्ता ने आवंटन प्रक्रिया और सरकारी रिकॉर्ड में कंपनी की श्रेणी को लेकर सवाल उठाए हैं.

विवादित कंपनी राधिका पैलेस प्राइवेट लिमिटेड है, जिसमें मंत्री की पत्नी शांति कश्यप निदेशक बताई गई हैं. कंपनी के पास रायपुर के कचना क्षेत्र में करीब 1.33 एकड़ जमीन थी. आरोप है कि इस जमीन के बदले सड्डू चौक के पास प्लॉट नंबर 25 देने का प्रस्ताव बनाया गया है. यह भूखंड करीब 23,327 वर्गफीट का है और प्रस्तावित 150 फीट चौड़ी MR-43 सड़क के किनारे स्थित है. कांग्रेस ने इसकी संभावित कीमत करीब 20 करोड़ रुपये बताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है.

सरकारी रिकॉर्ड में ‘सामान्य’ श्रेणी दर्ज होने पर उठे सवालों के जवाब में बीजेपी की ओर से कहा गया है कि जमीन कंपनी के नाम पर है और कंपनी की कोई जाति नहीं होती. RDA उपाध्यक्ष जेपी शर्मा ने भी राजनीतिक प्रभाव से इनकार किया. उनका कहना है कि ज्यादा भूमि लिए गए 17 भू-स्वामियों को मुख्य सड़क से जुड़े प्लॉट दिए गए हैं. योजना अभी अंतिम नहीं है और दावे-आपत्तियों के बाद फैसला होगा.