रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) अपने पूरे अधिकार क्षेत्र की संपत्तियों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने जा रहा है. परियोजना के तहत प्राधिकरण की संपत्तियों, भूखंडों, आवासीय और व्यावसायिक योजनाओं के साथ सार्वजनिक अधोसंरचनाओं की GIS आधारित एसेट मैपिंग की जाएगी. इसके लिए हाईटेक ड्रोन सर्वे और डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम का इस्तेमाल होगा. प्राधिकरण के अनुसार, परियोजना को लागू करने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है.

इस पहल के तहत RDA की प्रत्येक संपत्ति और भूखंड को यूनिक प्रॉपर्टी आइडेंटिफिकेशन नंबर (UPIN) दिया जाएगा. यह नंबर संबंधित संपत्ति के डिजिटल रिकॉर्ड और GIS मैप से जुड़ा रहेगा. इससे संपत्ति से जुड़ी जानकारी को एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से रखा जा सकेगा.

पुराने रिकॉर्ड किए जाएंगे डिजिटल

परियोजना में दशकों पुराने कागजी रिकॉर्ड, संपत्ति रजिस्टर, लेजर बुक, लेआउट नक्शे तथा पट्टा और लीज से जुड़े दस्तावेजों को उच्च गुणवत्ता वाले डिजिटल स्वरूप में सुरक्षित किया जाएगा. इन रिकॉर्ड को मौके की वास्तविक स्थिति से जोड़ने के लिए हाई-रिजॉल्यूशन ड्रोन सर्वे और मैपिंग की जाएगी.

डिजिटल डेटाबेस बनने के बाद संपत्तियों की स्थिति, सीमा, माप और उपयोग से संबंधित जानकारी एक जगह उपलब्ध होगी. इससे रिकॉर्ड के सत्यापन, संपत्ति प्रबंधन और निगरानी में मदद मिलने की उम्मीद है. उपलब्ध अभिलेखों और मौके की स्थिति की तुलना से अनधिकृत कब्जों और भूमि संबंधी विसंगतियों की पहचान में भी सहायता मिल सकती है.

RDA के उपाध्यक्ष डॉ. जेपी शर्मा ने कहा कि इस तकनीक का उद्देश्य नागरिकों को भविष्य में अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं देना तथा प्राधिकरण की संपत्तियों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करना है.