रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र में एक महिला ने पति और ससुराल पक्ष पर मतांतरण के लिए दबाव बनाने तथा मारपीट करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामले में महिला के पति विनीत सुता, सास विनीता सुता और ससुर अजय सुता को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने नए धर्मांतरण कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज किए जाने की जानकारी दी है.
शिकायतकर्ता 26 वर्षीय तन्नू पटेल सतनामी पारा की निवासी बताई गई हैं. उनके अनुसार, सोशल मीडिया के जरिए विनीत से परिचय हुआ था. इसके बाद दोनों ने 2023 में आर्य समाज में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया. महिला का दावा है कि विवाह के समय ससुराल वालों ने धर्म को लेकर आपत्ति नहीं होने की बात कही थी.
महिला ने आरोप लगाया कि कुछ समय बाद पति और सास-ससुर उस पर मतांतरण के लिए दबाव बनाने लगे. उनकी शिकायत के अनुसार, करीब दो महीने पहले बेटी के जन्म के बाद कथित प्रताड़ना बढ़ गई और उनके साथ तीसरी बार मारपीट की गई. इसके बाद उन्होंने अपने भाई-बहनों को जानकारी दी और पुलिस से शिकायत करने की कोशिश की.
शिकायतकर्ता का कहना है कि तीन दिन तक थाने के चक्कर लगाने के बाद उन्होंने बजरंग दल के सदस्यों से संपर्क किया. इसके बाद नामजद एफआईआर दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी की गई.
डायसिसिस ऑफ छत्तीसगढ़ के सचिव नितिन लॉरेंस ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी मीडिया के जरिए मिली है. उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही हैं तो यह गलत है, लेकिन पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि मामला मतांतरण का है या पति-पत्नी के बीच विवाद का. उन्होंने दबाव डालकर मतांतरण न कराने और कानूनी प्रक्रिया का पालन करने की अपील की.
