रायपुर नगर निगम ने गंदगी फैलाने और बिना अनुमति विज्ञापन लगाने के मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 40 हजार रुपए का जुर्माना वसूला. कार्रवाई नगर निगम के जोन-7 क्षेत्र में की गई.

जोन-7 की टीम ने समता कॉलोनी मेन स्थित रोल्स मेनिया और फ्लोरिटो रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया. निगम के अनुसार, दोनों जगह साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली. रेस्टोरेंट के बाहर भी कचरा फेंका जा रहा था. इस पर संबंधित संचालकों से जुर्माना वसूला गया और भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं करने की चेतावनी दी गई.

इसके अलावा सरोना रोड पर बिना अनुमति विज्ञापन लगाए जाने का मामला सामने आया. नगर निगम के नगर निवेश विभाग और जोन-7 की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति पर जुर्माना लगाया. निगम ने बताया कि तीनों मामलों में कुल 40 हजार रुपए की वसूली हुई है.

यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर की गई. जोन कमिश्नर डॉ. तृप्ति पाणिग्रही सहित निगम अधिकारियों ने मौके पर जांच की. कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता सुशील गोडेस्टस, सहायक अभियंता कमलेश मिथलेश और जोन स्वास्थ्य अधिकारी भूषण ठाकुर मौजूद रहे.

निगम अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को चेतावनी दी कि दोबारा गंदगी फैलाने या बिना अनुमति विज्ञापन लगाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.