रायपुर के राजेंद्र नगर इलाके में बीज निगम के रिटायर्ड अधिकारी से साइबर ठगी का मामला सामने आया है. पवन विहार कॉलोनी, अमलीडीह निवासी राजकुमार शुक्ल ने पुलिस को बताया कि एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को पंजाब नेशनल बैंक का सीनियर मैनेजर बताया.

फोन करने वाले ने कहा कि शुक्ल का PNB रिटायर्ड कार्ड बनाया जाना है. बैंकिंग प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर उन्हें मोबाइल में एक ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा गया. शुक्ल ने बताए गए तरीके से HRMC ऐप डाउनलोड कर लिया.

इसके बाद फोन करने वाले ने बैंक खाते से जुड़ी जानकारी और OTP हासिल कर लिया. कुछ ही देर में उनके खाते से ऑनलाइन तरीके से कुल ₹1 लाख निकाल लिए गए. ठगी का पता चलने के बाद शुक्ल ने राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई.

मोबाइल नंबर और लेनदेन की जांच

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है. पुलिस कॉल करने वाले की पहचान के लिए मोबाइल नंबर और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े विवरण की जांच कर रही है.

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बैंक अधिकारी बनकर फोन करने वाले किसी भी व्यक्ति को खाते, कार्ड, OTP या अन्य गोपनीय जानकारी न दें. अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल ऐप डाउनलोड करने से भी बचें. बैंक से जुड़ी किसी प्रक्रिया की पुष्टि केवल संबंधित बैंक की आधिकारिक शाखा या हेल्पलाइन से करने की सलाह दी गई है.