रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में पेंशन से जुड़ी प्रक्रिया पूरी कराने का झांसा देकर एक रिटायर्ड रेलकर्मी से 7 लाख 49 हजार 783 रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ IT एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के मुताबिक, विकास विहार कॉलोनी, रायपुरा निवासी श्रद्धा जोल्दे ने शनिवार रात शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में बताया गया कि 11 अक्टूबर की आधी रात उनके पति राजू जोल्दे के मोबाइल पर एक व्यक्ति ने कॉल किया. कॉल करने वाले ने खुद को DRM ऑफिस का कर्मचारी बताया और कहा कि रिटायरमेंट के एक साल बाद PPO नंबर अपडेट कराना जरूरी होता है.

आरोप है कि इसी बहाने कॉल करने वाले ने राजू जोल्दे को भरोसे में लिया और मोबाइल पर रेलवे का HRMS ऐप तथा बैंक ऑफ बड़ौदा से जुड़ा एक लिंक डाउनलोड करवाया. बताई गई प्रक्रिया पूरी करने के कुछ ही देर बाद बैंक खाते से 7,49,783 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर हो गए. रकम निकलने की जानकारी मिलने पर परिवार को ठगी का पता चला.

डीडी नगर पुलिस अब कॉल करने वाले मोबाइल नंबर और रकम जिन बैंक खातों में भेजी गई, उनकी जानकारी जुटा रही है. पुलिस मामले में लेनदेन और डिजिटल गतिविधियों की जांच कर रही है.