छत्तीसगढ़ की 14 पूर्व रियासतों के इतिहास और धरोहरों को एक जगह सहेजने के लिए रायपुर में ‘रियासत वीथिका’ बनाई जाएगी. यह गैलरी संस्कृति विभाग में प्रस्तावित है और इसमें राजघरानों का इतिहास दो मंजिलों पर प्रदर्शित किया जाएगा. पर्यटन एवं संस्कृति विभाग ने परियोजना का खाका तैयार कर लिया है.
गैलरी में राजाओं की जीवनशैली, राजदरबार की व्यवस्था, शाही मुहरें, ऐतिहासिक सिक्के, पारंपरिक पोशाकें, प्राचीन हथियार, पुराने दस्तावेज और सामाजिक-सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी सामग्री शामिल की जाएगी. विभाग ने पूर्व राजपरिवारों के वंशजों और प्रतिनिधियों से ऐतिहासिक वस्तुएं, वंशावली और पारिवारिक इतिहास उपलब्ध कराने में सहयोग मांगा है.
मौखिक इतिहास और पुराने रिकॉर्ड का दस्तावेजीकरण
पर्यटन एवं संस्कृति सचिव डॉ. एस. भारतीदासन के अनुसार, विभाग इस काम के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करेगा. अधिकारी अलग-अलग राजपरिवारों से संपर्क कर मौखिक इतिहास दर्ज करेगा, पुराने रिकॉर्ड का सत्यापन करेगा और प्रदर्शनी के लिए सामग्री का चयन करेगा.
अभी रियासतों से जुड़ी कई वस्तुएं निजी महलों, पारिवारिक अभिलेखागार और क्षेत्रीय संग्रहालयों में बिखरी हुई हैं. प्रस्तावित वीथिका के जरिए इन्हें साझा मंच पर लाने की योजना है. इससे पर्यटकों के अलावा विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को भी इन विरासतों की जानकारी एक जगह मिल सकेगी.
महलों को हेरिटेज टूरिज्म से जोड़ने की योजना
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा के अनुसार, ऐतिहासिक महलों को हेरिटेज टूरिज्म सर्किट और होमस्टे से जोड़ने की दिशा में भी काम किया जा रहा है. विभाग का मानना है कि इससे पर्यटन के नए अवसर बन सकते हैं और स्थानीय स्तर पर रोजगार को बढ़ावा मिल सकता है.
परामर्श बैठक में सारंगढ़, रायगढ़, सरगुजा, कवर्धा, छुईखदान, उदयपुर-धर्मजयगढ़, खैरागढ़ और सक्ती समेत कई राजपरिवारों के प्रतिनिधि शामिल हुए. प्रस्तावित प्रदर्शनी में बस्तर, कांकेर, नांदगांव, खैरागढ़, छुईखदान, कवर्धा, रायगढ़, सारंगढ़, सक्ती, सरगुजा, उदयपुर, जशपुर, कोरिया और चांगभखार रियासतों का इतिहास शामिल किया जाएगा.
