रायपुर में बारिश थमने के बाद शहर की कई प्रमुख सड़कों की खराब हालत सामने आई है. तेलीबांधा मरीन ड्राइव, नई धमतरी रोड, पचपेड़ीनाका सर्विस रोड और संतोषीनगर रिंग रोड नंबर-1 से पुरानी धमतरी रोड तक कई हिस्सों में डामर की ऊपरी परत उखड़ी मिली. गड्ढों के आसपास बजरी और मिट्टी बिखरी है, जो वाहनों के गुजरने पर धूल बनकर उड़ रही है.

दैनिक भास्कर की पड़ताल के अनुसार, इस स्थिति से खासकर दोपहिया चालकों को सावधानी से वाहन चलाना पड़ रहा है. कई जगह सड़क की सतह असमान होने के कारण वाहन चालकों को रफ्तार कम करनी पड़ रही है.

चार सड़कों पर अलग-अलग स्थिति

तेलीबांधा मरीन ड्राइव पर कई स्थानों पर डामर के बीच बजरी बिखरी मिली. बस, कार और बाइक के गुजरने पर बजरी छिटक रही है और धूल उड़ रही है. सड़क किनारे दुकानों के सामने भी धूल जमा होने की बात सामने आई.

पचपेड़ीनाका से कमल विहार जाने वाली नई धमतरी रोड पर पानी जमा होने वाले हिस्सों में डामर उखड़ गया है. नीचे की बजरी बाहर आ गई है और सड़क की सतह असमान हो गई है.

पचपेड़ीनाका चौक से लगी सर्विस रोड पर कई हिस्सों में डामर निकल गया है. गड्ढों के आसपास फैली बजरी वाहनों के दबाव से छिटक रही है.

संतोषीनगर रिंग रोड नंबर-1 के कई कट खराब मिले. सेजबहार की ओर पुरानी धमतरी रोड पर भी गड्ढों के आसपास बजरी फैली है. कई स्थानों पर ऊपरी परत उखड़ने से सड़क असमान हो गई है और बड़े वाहनों के गुजरने पर धूल उड़ रही है.

PWD और NH ने मरम्मत की बात कही

PWD के रायपुर एससी राजीव नशीने के अनुसार, हर जोन में खराब सड़कों और पैचवर्क की जरूरत की रिपोर्ट तैयार की जा रही है. रिपोर्ट के आधार पर टेंडर जारी किया जाएगा, जिसके बाद मरम्मत का काम शुरू होगा.

NH के रायपुर SDO जेपी कौशल ने कहा कि बारिश कम होने के बाद संबंधित सड़क की मरम्मत शुरू की जाएगी. उनके अनुसार, सड़क को नए सिरे से बनाने और जलभराव वाले स्थानों को ऊंचा करने का प्रस्ताव तैयार है.

पड़ताल में यह भी सामने आया कि कई जगह समस्या केवल गड्ढों तक सीमित नहीं है. सड़क की ऊपरी परत उखड़ने से बजरी बाहर आ गई है. ऐसे हिस्सों में केवल गड्ढे भरने के बजाय पूरी सतह सुधारने और सड़क पर फैली बजरी-मिट्टी हटाने की जरूरत बताई गई है.