रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित राज्यस्तरीय रोजगार मेले में दो दिनों के दौरान 13 हजार से ज्यादा युवाओं ने पंजीयन कराया. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 5 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों का अंतिम चयन हुआ. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 1,100 चयनित युवाओं को ऑफर लेटर दिए. मेले में 85 से अधिक निजी कंपनियों और संस्थानों ने भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लिया.
छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों के अलावा गुजरात समेत अन्य राज्यों की कंपनियां भी मेले में पहुंचीं. युवाओं ने ऑनलाइन आवेदन के बाद आयोजन में भाग लिया. भर्ती के लिए मशीन ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इंजीनियर, क्वालिटी इंस्पेक्टर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, नर्सिंग स्टाफ, सुरक्षा गार्ड, ड्राइवर, डिलीवरी बॉय और अप्रेंटिस जैसे पद उपलब्ध थे.
अलग-अलग सेक्टर में रिक्तियां
मेले में तकनीकी और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में करीब 4,800, लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्ट में 1,600, सिक्योरिटी में 650 तथा हेल्थकेयर और केयर सर्विसेज में करीब 580 पदों की जानकारी दी गई. 10वीं-12वीं पास, ITI, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट युवा आवेदन कर सकते थे. क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, वर्धमान टेक्सटाइल्स, एयरटेल पेमेंट्स बैंक, इंस्टाकार्ट, एनआईआईटी और आइसेक्ट समेत कई कंपनियों ने भर्ती के लिए रिक्तियां उपलब्ध कराईं.
कुछ युवाओं का चयन रोजगार मेले से पहले ही कॉलेज कैंपस के जरिए हो चुका था. बिलासपुर इंजीनियरिंग कॉलेज के कृष्णकांत साहू ने बताया कि वे लीड इंडिया में ग्रेजुएट इंजीनियर ट्रेनी के रूप में काम शुरू कर चुके हैं. उनके अनुसार, उन्हें प्रमाणपत्र देने के लिए रायपुर बुलाया गया था और कंपनी की ओर से ऑफर लेटर अभी नहीं मिला है.
गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज, बिलासपुर से पढ़े हेमंत वर्मा ने बताया कि उनका चयन ACB India Limited में GET पद पर कैंपस प्लेसमेंट के जरिए हुआ. बलरामपुर से आए अभ्यर्थियों ने नल-जल योजना के तहत पंप ऑपरेटर पद के लिए प्रक्रिया में शामिल होने की बात कही.
अभ्यर्थियों ने व्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी
भिलाई से आए मानस ने कहा कि कंपनियां इंटरव्यू ले रही थीं, लेकिन ऐसे आयोजनों में सुविधाओं और प्रबंधन पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है. उन्होंने पानी की व्यवस्था को लेकर परेशानी बताई. अभनपुर के ओमप्रकाश नौरंगे ने भी भोजन और पेयजल की कमी की शिकायत की. उनका कहना था कि टैंकर मौजूद थे, लेकिन पानी पीने के लिए गिलास उपलब्ध नहीं थे.
