रायपुर में 7 और 8 अक्टूबर 2026 को राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा. कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग की ओर से यह मेला राजधानी के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगा. मेले में तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों के 8 हजार से अधिक रिक्त पदों पर युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने की बात कही गई है.
आयोजन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में होगा, जबकि कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब इसकी अध्यक्षता करेंगे. विभाग के सचिव डॉ. बसवराजू एस. के अनुसार, मेले में प्रदेश के बड़े उद्योगों और निजी प्रतिष्ठानों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है.
पोर्टल पर रिक्तियों की जानकारी और पंजीयन
इच्छुक युवा ई-रोजगार पोर्टल erojgar.cg.gov.in पर उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी देख सकते हैं. इसी पोर्टल के माध्यम से रोजगार मेले के लिए पंजीयन कराने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है. युवाओं को अपनी योग्यता के अनुरूप पदों की जानकारी लेने और संबंधित प्रतिष्ठानों में आवेदन करने का अवसर मिलेगा.
विभाग के मुताबिक, राज्य और जिला स्तरीय रोजगार मेलों में चयनित आवेदकों को कार्यक्रम के दौरान ऑफर लेटर देने की तैयारी की गई है. इससे चयनित युवाओं को रोजगार से जुड़ी औपचारिक जानकारी आयोजन स्थल पर ही मिल सकेगी.
युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों और अन्य माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है. संबंधित विभागों और जिलों को भी मेले की जानकारी अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने तथा उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
