विजयादशमी के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से रायपुर महानगर की विभिन्न बस्तियों और नगरों में शस्त्र पूजन और पथ संचलन का आयोजन किया गया. सेजबहार में स्वयंसेवकों ने विधि-विधान से शस्त्र पूजन के बाद अनुशासन के साथ पथ संचलन निकाला. मार्ग में नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया.
सेजबहार के कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ प्रांत संघचालक टोपलाल वर्मा मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए. कबीर सोनफेरी के देवकर साहब मुख्य अतिथि रहे. टोपलाल वर्मा ने संघ की स्थापना से अब तक की यात्रा और इस दौरान हुए बदलावों का उल्लेख किया.
पंच-परिवर्तन पर जोर
टोपलाल वर्मा ने सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब मिलन, स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग और अधिकारों की चिंता छोड़ नागरिक कर्तव्यों के पालन को पंच-परिवर्तन के पांच विषयों के रूप में अपनाने की अपील की. कार्यक्रम में अनुशासन, एकजुटता और राष्ट्र सेवा का संदेश दिया गया.
रायपुर के बुढ़ापारा क्षेत्र में हुए पथ संचलन में संघ के क्षेत्र संघचालक और वीवाई हॉस्पिटल के संचालक डॉ. पूर्णेन्दु सक्सेना भी स्वयंसेवकों के साथ शामिल हुए. वे सामान्य स्वयंसेवक की तरह संचलन में पंक्तिबद्ध होकर चले.
वीर सावरकर नगर यानी कबीर नगर में आयोजित कार्यक्रम में संघ के क्षेत्र सह-प्रचारक प्रेम शंकर ने मुख्य वक्ता के रूप में मार्गदर्शन दिया. विभिन्न आयोजनों के जरिए सामाजिक एकता, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी के उपयोग और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया.
