छत्तीसगढ़ सरकार ने शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत निजी स्कूलों में दाखिल बच्चों के लिए फीस प्रतिपूर्ति दरों की समीक्षा शुरू कर दी है. स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सात अधिकारियों की समिति गठित की है. समिति सरकारी और निजी स्कूलों में विद्यार्थियों पर होने वाले वास्तविक शैक्षणिक खर्च का आकलन कर नई प्रतिपूर्ति दर तय करने के लिए विस्तृत रिपोर्ट देगी.

समिति की अध्यक्षता रायपुर संभाग के संयुक्त संचालक शिक्षा करेंगे. इसमें रायपुर के जिला शिक्षा अधिकारी, लोक शिक्षण संचालनालय के सहायक संचालक (वित्त) पोषण लाल वर्मा और समग्र शिक्षा के उप संचालक एसके सारस्वत शामिल हैं. एसके सारस्वत को सदस्य सचिव की जिम्मेदारी दी गई है.

इसके अलावा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय दुर्ग के सहायक संचालक, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय रायपुर के सहायक संचालक और राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव विकासखंड शिक्षा अधिकारी को सदस्य बनाया गया है. समिति सरकारी स्कूलों में प्रति छात्र होने वाले खर्च का विस्तृत अध्ययन करेगी.

नई प्रतिपूर्ति राशि में केंद्र की हिस्सेदारी

मूल्यांकन के आधार पर तय की जाने वाली नई फीस प्रतिपूर्ति दर का प्रस्ताव राज्य सरकार केंद्र को भेजेगी. नियमानुसार नई राशि का 70 प्रतिशत हिस्सा केंद्र सरकार देगी, जबकि शेष राशि छत्तीसगढ़ सरकार वहन करेगी. हालांकि, समिति की रिपोर्ट और आगे की स्वीकृति के बाद ही नई दर लागू होने की स्थिति स्पष्ट होगी.

छत्तीसगढ़ प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन ने समिति गठन का स्वागत किया है. एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव गुप्ता के अनुसार, सरकारी स्कूलों में प्रति छात्र वास्तविक खर्च का आकलन होने से निजी स्कूलों को उचित प्रतिपूर्ति मिलने की उम्मीद है. निजी स्कूल प्रबंधन लंबे समय से दरों में संशोधन और जांच समिति बनाने की मांग कर रहे थे. इस मांग को लेकर एसोसिएशन ने राज्यभर में असहयोग आंदोलन भी चलाया था.