रायपुर के सदर बाजार इलाके में शुक्रवार देर रात एक पुरानी और जर्जर इमारत का सामने का हिस्सा अचानक गिर गया. घटना के समय आसपास मौजूद दुकानदार और लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.
यह इमारत सहेली ज्वेलर्स के सामने स्थित बताई गई है. इसके नीचे पान की दुकान संचालित होती है. देर रात हिस्सा गिरने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. दिन के समय इस बाजार में लोगों और वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है, इसलिए रात में हुई घटना से बड़ा हादसा टलने की बात कही जा रही है.
सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची. एहतियात के तौर पर पुलिस ने कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही रोक दी और आसपास सुरक्षा बल तैनात किया. नगर निगम की टीम ने क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने का काम शुरू किया.
नगर निगम जोन-4 के कमिश्नर के मुताबिक, संबंधित मकान पहले से जर्जर स्थिति में था और भवन मालिक को नोटिस जारी किया जा चुका था. अधिकारियों ने आसपास के लोगों से इमारत के पास तेज आवाज में डीजे या साउंड सिस्टम नहीं बजाने की अपील की है, ताकि मलबा हटाने और क्षेत्र को सुरक्षित करने के दौरान अतिरिक्त खतरा न हो.
जर्जर भवनों की निगरानी के निर्देश
घटना ऐसे समय हुई है जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जर्जर भवनों को लेकर कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक की थी. अधिकारियों को जोखिमपूर्ण भवनों की पहचान, नियमित निगरानी और जरूरत पड़ने पर उन्हें हटाने के निर्देश दिए गए थे. मुख्यमंत्री ने लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की बात कही थी.
